सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने एसपी से की मुलाकात, बोले- कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हुआ तो सड़कों पर उतरेगी पार्टी

252

सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने एसपी से की मुलाकात, बोले- कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न हुआ तो सड़कों पर उतरेगी पार्टी

चंदौली : समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह (Virendra Singh) मंगलवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस अधीक्षक आवास पहुंचे और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल (Akash Patel) से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बिना किसी भेदभाव के व्यवहार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ताओं को जाति और धर्म के आधार पर चिन्हित कर उनका उत्पीड़न किया गया तो समाजवादी पार्टी आंदोलन के रास्ते पर चलकर इसका विरोध करेगी।

सोना-चांदी खरीदने की अपील पर पीएम पर साधा निशाना

मीडिया से बातचीत में सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) द्वारा एक वर्ष तक सोना-चांदी नहीं खरीदने की अपील पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपरा में विवाह और मांगलिक कार्यों में मंगलसूत्र, नथिया और मांगटीका जैसे आभूषणों का विशेष महत्व है। आरोप लगाते हुए कहा कि नोटबंदी के दौरान माताओं-बहनों की बचत को बैंकों तक पहुंचाया गया और अब उनकी नजर महिलाओं के संचित स्वर्ण पर है।

पेट्रोल-डीजल बचत की सलाह पर तंज

पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को पहले अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब जनप्रतिनिधि सड़क पर निकलते हैं तो ऐसा लगता है जैसे प्रधानमंत्री का काफिला गुजर रहा हो। जनता को संदेश देने से पहले सरकार को खुद उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए।

हार के डर से पंचायत चुनाव टाल रही भाजपा

पंचायत चुनाव में हो रही देरी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंचायत चुनाव से बच रही है, क्योंकि उसे हार का डर है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानती है कि पंचायत चुनाव में उसकी वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी, इसलिए चुनाव टाले जा रहे हैं।

अवैध खनन पर बोले सांसद वीरेंद्र सिंह

चकिया क्षेत्र में महेंद्र राव पर दर्ज खनन मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वीरेंद्र सिंह ने कहा कि चाहे कोई भी व्यक्ति हो, यदि वह अवैध खनन में लिप्त है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने पूरे जिले में हो रहे अवैध बालू और पहाड़ खनन की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की और कहा कि जो भी दोषी मिले, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।

बंगाल मुद्दे पर सपा सांसद का हमला

वहीं पश्चिम बंगाल में एक अधिकारी को चीफ सेक्रेटरी बनाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में “विभीषणों” को सम्मानित करने की परंपरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे दलों से आए नेताओं को भाजपा में विशेष महत्व दिया जाता है।

ये रहे मौजूद

इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव, चंद्रशेखर यादव, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार, दिलीप पासवान, निरंजन कन्नौजिया, मुसाफिर चौहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।