बाबा कीनाराम जन्मोत्सव की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
चंदौली : बाबा कीनाराम जी के 427वें जन्मोत्सव समारोह को लेकर बुधवार की शाम जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, एडिशनल एसपी (IPS) अनंत चंद्रशेखर ने रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ मठ परिसर स्थित मल्टीनेशनल हॉल में बैठक कर समारोह की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अधिकारियों को चिकित्सा, यातायात, विद्युत, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जन्मोत्सव में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई और यातायात व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद मठ प्रबंधक मेजर अशोक सिंह ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक समेत अधिकारियों को मठ परिसर के विभिन्न स्थलों का भ्रमण कराकर समारोह की तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने तपासन गद्दी एवं बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा पर विधिवत पूजा-अर्चना भी की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि समारोह की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। इस अवसर पर जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


















