चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, नकदी और लूट का सामान बरामद

113

चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आधा दर्जन शातिर लुटेरे गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, नकदी और लूट का सामान बरामद

चंदौली : चकिया पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए आधा दर्जन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अपराधी लंबे समय से विभिन्न जनपदों में लूट और मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम देते आ रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से नकदी, असलहा व कारतूस समेत लूट में उपयोग की गई सामग्री बरामद की है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

ये है पूरा मामला

मामला उस समय सामने आया जब थाना चकिया क्षेत्र के नेवाजगंज निवासी पीड़ित जितेन्द्र कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह बैरी स्थित अपनी ज्वेलरी की दुकान संजय ज्वेलर्स बंद कर रोज की तरह घर लौट रहे थे। इसी दौरान फिरोजपुर गांव के प्राइमरी स्कूल के पास पहले से घात लगाए चार बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। बदमाशों ने पीड़ित पर लोहे की रॉड और कड़े से हमला कर दिया तथा उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर बैग लूटकर फरार हो गए। पीड़ित के बैग में दुकान की अलमारी और सटर की चाबियां व लगभग 10 ग्राम सोने के झुमके थे।

पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस ने सक्रियता बढ़ाई। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि लूट में शामिल आरोपी किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दबोच लिया।

आरोपियों की पहचान

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल यादव पुत्र जमुना यादव, निवासी पचफेड़िया, चरिया, धीरज पांडेय उर्फ अखिलेश्वर पांडेय, निवासी हडौरा, थाना शहाबगंज, अंकित राय, निवासी चादमारी, शिवपुर, वाराणसी, अभय राय पुत्र विजय कुमार राय, निवासी परशुरामपुर, थाना सारनाथ, विवेक कश्यप और अभिषेक कुमार, निवासी जयप्रकाश नगर, थाना सिगरा के रूप में हुई।

तलाशी में इनके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से ही कई थानों में आधा दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस टीम

कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, एसआई अमित कुमार मिश्रा, आशीष मिश्रा, सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल रामतीर्थ, अनुज यादव, अमित कुमार, कांस्टेबल प्रदीप सिंह, राकेश यादव आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को न्यायालय भेजा जा रहा है और आगे की विवेचना जारी है।

निष्कर्ष

चकिया पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न सिर्फ हाल की लूटकांड का पर्दाफाश हुआ, बल्कि उन शातिर अपराधियों को भी सलाखों के पीछे भेजा गया जो लगातार क्षेत्र में वारदातें कर लोगों में दहशत फैला रहे थे। पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई और आमजन में सुरक्षा व कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों की तलाश में आगे की कार्रवाई कर रही है।