दिल्ली धमाके के बाद डीडीयू स्टेशन पर बढ़ी सुरक्षा, एसपी ने GRP व RPF के साथ किया निरीक्षण
चंदौली : दिल्ली में हुए धमाके के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। इसी क्रम में मंगलवार को डीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। जिलों को हाई अलर्ट पर रखते हुए चंदौली पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के साथ स्टेशन परिसर में गहन चेकिंग अभियान चलाया। स्वयं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे स्टेशन पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का निरीक्षण किया और मौजूद फोर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संदिग्ध लोगों से की गई पूछताछ
निरीक्षण के दौरान एसपी ने प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग, यात्री शेड और फुट ओवरब्रिज सहित स्टेशन के हर संवेदनशील पॉइंट की बारीकी से जांच की। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई। यात्रियों के सामान की भी सघन तलाशी ली गई।
बॉर्डर पर अतिरिक्त फोर्स और बैरियर्स लगाकर चेकिंग
एसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि दिल्ली धमाके की घटना को देखते हुए चंदौली पुलिस पूर्ण सतर्कता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले की सीमाओं पर विशेष चौकसी रखी जा रही है। बॉर्डर पर अतिरिक्त फोर्स और बैरियर्स लगाकर वाहनों व आने-जाने वालों की कड़ी चेकिंग करवाई जा रही है।
जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पहली प्राथमिकता
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा “सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि नजर आती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।”
यात्रियों में भरोसे की दिखी भावना
डीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा बढ़ने से यात्रियों में भी भरोसे की भावना दिखाई दी। पुलिस और आरपीएफ द्वारा लगातार गश्त की जा रही है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व किसी तरह का मौका न पा सके।


















