देर रात 13 आईएएस अधिकारियों के तबादले
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शुक्रवार देर रात 13 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर किए हैं. जिनमें कई जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं. बुलंदशहर के जिलाधिकारी सीपी सिंह को लखनऊ का डीएम बनाया गया है. वहीं लखनऊ के डीएम सूर्यपाल गंगवार को अभी प्रतीक्षा में रखा गया है. निधि गुप्ता को अमरोहा का डीएम, नवनीत चहल को आजमगढ़ का डीएम, दिनेश कुमार को जौनपुर का डीएम, रवींद्र सिंह को फतेहपुर जिले की जिम्मेदारी दी गई है.

इसके अलावा घनश्याम मीना को हमीरपुर का जिलाधिकारी और IAS रविंद्र कुमार मांदड़ को प्रयागराज की जिम्मेदारी दी गई है. आईएएस अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ रामपुर के डीएम रह चुके हैं. रविंद्र कुमार मांदड़ की सपा नेता आजम खां के खिलाफ कारवाई करने में अहम भूमिका रही है. वहीं रविंद्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वसनीय अधिकारी भी माने जाते हैं. ऐसे में सीएम योगी ने उन्हें अपनी सबसे महत्वाकांक्षी कार्य प्रयागराज कुंभ को सकुशल सफल बनाने और संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी है.
राहत आयुक्त पद से हटाए गए IAS नवीन कुमार जीएस
वहीं अरविन्द मलप्पा बंगारी को आगरा का डीएम बनाया गया है और आगरा के जिलाधिकारी भानु चंद्र गोस्वामी को उत्तर प्रदेश का राहत आयुक्त बनाया गया है. यूपी में लगातार प्राकृतिक आपदा और दुर्घटनाएं हुई हैं. इस दौरान योगी सरकार राहत आयुक्त नवीन कुमार जीएस के कामकाज से बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं थी. इसलिए बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं के बीच उन्हें हटाकर आगरा के डीएम भानु चंद्र गोस्वामी को जिम्मेदारी दी है.
लखनऊ डीएम सूर्यपाल गंगवार प्रतीक्षारत
माना जा रहा है कि बीते दिनों राजधानी लखनऊ में बरसात से हुई बदहाली, मासूम बच्ची के नाले में बहने समेत कई हुई अन्य घटनाओं को लेकर योगी सरकार सूर्यपाल गंगवार के कामकाज से खुश नहीं थी. ऐसे में ट्रांसफर के दौरान उन्हें अभी प्रतीक्षा में रखा गया है. उनकी जगह अब लखनऊ के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी बुलंदशहर के डीएम चंद्र प्रकाश सिंह को दी गई है.


















