एक बार फिर बढा गंगा नदी का जलस्तर, दस फिट बढ़ा पानी
चंदौली : गंगा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ना शुरू हो गया है. बीती रात्रि में लगभग 10 फीट जलस्तर बढ़ने से तटवर्ती गांवो के लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त है.

दरअसल पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर नदियों के जलस्तर पर पड़ रहा है. इसके साथ ही मध्य प्रदेश, बिहार और अन्य जगहों पर बारिश लगातार होने के कारण गंगा में आकर मिलने वाली छोटी-छोटी नदियों के उफान पर होने की वजह से भी बढ़ोतरी तेज हुई है. वही चंदौली में भी इसका असर देखा जा रहा है. कुछ दिनों तक गंगा नदी का जलस्तर घटने व स्थिर रहने के बाद तटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीण राहत महसूस कर रहे थे. शुक्रवार को दिन में थोड़ा बहुत पानी में उतार चढ़ाव हुआ. रात्रि में अचानक तीव्र गति से गंगा नदी का जलस्तर 10 फिट बढ़ गया. जिससे तटवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों में एक बार फिर चिंता की लकीरें बढ़ने लगी है.


















