प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत पहुंचाने का दिया भरोसा

157

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत पहुंचाने का दिया भरोसा

चंदौली : जिले में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ के कहर के बीच मंगलवार को प्रभारी मंत्री संजीव कुमार गोड़ ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने बहादुरपुर और रतनपुर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया और बाढ़ चौकी में आश्रय लिए पीड़ितों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने हर पीड़ित से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ है।

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की, जिसमें राशन, पीने का पानी, दवाइयां और अन्य आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी पीड़ितों तक मदद समय से पहुंचे।

बाढ़ चौकी की मांग पर तुरन्त कार्रवाई के निर्देश

इस दौरान रतनपुर के ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी बाढ़ चौकी की मांग रखी, जिस पर मंत्री संजीव गोड़ ने तत्परता दिखाते हुए जिलाधिकारी को तुरंत बाढ़ चौकी स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में हर पीड़ित के साथ है और जिला प्रशासन को हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।

राहत शिविर और चिकित्सीय सहायता पर दिया जोर

मंत्री ने बाढ़ के संभावित प्रभावों को कम करने के लिए समय रहते समुचित व्यवस्था करने पर भी बल दिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त नावों और राहत शिविरों की व्यवस्था की जाए और साथ ही चिकित्सकीय सहायता की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाए।

इस मौके पर जिले के आला अधिकारी, राजस्व विभाग के कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मंत्री के निरीक्षण से प्रभावित ग्रामीणों में राहत की उम्मीद जगी है और सरकार की तत्परता पर भरोसा मजबूत हुआ है।