गांव की सबसे विवादित भूमि अब बनेगी बेटियों के सपनों का आधार, बनेगा राजकीय बालिका विद्यालय, राजस्व विभाग ने की भूमि की मापी

397

गांव की सबसे विवादित भूमि अब बनेगी बेटियों के सपनों का आधार, बनेगा राजकीय बालिका विद्यालय, राजस्व विभाग ने की भूमि की मापी

चंदौली : जनपद के चहनियां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सेवढी हुदहुदीपुर में एक ऐतिहासिक पहल के तहत शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया गया है। गांव की सबसे अधिक विवादित मानी जाने वाली भूमि को अब बेटियों की शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया गया है। ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह की दूरदर्शिता और कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के सक्रिय सहयोग से इस जमीन को राजकीय बालिका विद्यालय के निर्माण हेतु आवंटित कर दिया गया है।

मंगलवार को यह प्रक्रिया एक नए मुकाम पर पहुंची, जब उपजिलाधिकारी कुंदन राज कपूर के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम ने भूमि की विधिवत मापी की। इस अवसर पर लेखपाल अनिल गुप्ता, धर्मेंद्र कुमार मौर्य और रवि श्रीवास्तव की मौजूदगी में भूमि चिन्हित की गई। जल्द ही इस पर बाउंड्री वॉल निर्माण का कार्य शुरू होगा, जिससे स्कूल निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा।

विवादित जमीन को लेकर रही पुरानी खींचतान

सेवढी हुदहुदीपुर गांव में यह जमीन वर्षों से विवादों में रही है। एक ओर जहां भूमि पर अनाधिकृत कब्जे का सिलसिला चलता रहा, वहीं दूसरी ओर शिक्षा और सार्वजनिक उपयोग के लिए इसकी उपयोगिता की मांग उठती रही। ग्राम प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने इस लंबे विवाद को सुलझाने का बीड़ा उठाया और इस भूखंड को स्कूल के नाम एलॉट कराने की प्रक्रिया शुरू की।

कुछ माह पहले उन्होंने इस संबंध में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को पत्र सौंपकर बाउंड्री निर्माण की मांग की थी। मंत्री ने न केवल तत्काल संज्ञान लिया बल्कि इसे प्राथमिकता में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही का निर्देश भी दिया।

गांव को मिलेगा स्थायी शैक्षणिक केंद्र

प्रधान आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि, “यह वही जमीन है जहां कब्जा करने की कोशिशें लगातार होती रही हैं। हमने इस जमीन को राजकीय बालिका विद्यालय के नाम से एलॉट करा दिया है। इससे एक ओर जहां बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अधिकार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर जमीन विवाद भी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगा।”

उन्होंने आगे बताया कि विवादित जमीन के समीप की जमीन पर पहले ही कब्जा मुक्त करा कर बाउंड्री करा दी गई है, और अब इस बचे हिस्से पर भी बाउंड्री वॉल का कार्य शीघ्र शुरू होगा।

स्थानीय लोगों ने जताई खुशी, दिया समर्थन

इस अवसर पर गांव के कमलेश यादव, प्रताप नारायण मिश्र, गोविंद मिश्रा, श्रीनिवास मिश्र, पतरु शर्मा, मुनिलाल राय, संजय राय आदि लोगों ने इस पहल का स्वागत किया और इसे भविष्य की पीढ़ियों के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। लोगों का कहना है कि यह विद्यालय गांव की बेटियों को नजदीक ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर प्रदान करेगा और लंबे समय से चली आ रही जमीन से जुड़ी तनातनी को भी समाप्त करेगा।

नए भविष्य की ओर एक कदम

सेवढी हुदहुदीपुर की यह पहल न केवल एक ग्राम पंचायत की प्रगतिशील सोच को दर्शाती है, बल्कि यह उदाहरण बन सकती है उन तमाम गांवों के लिए जहां विवादित जमीनें विकास की राह में बाधा बनी हुई हैं।

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की सक्रिय भूमिका और ग्राम प्रधान की सतत पहल से यह संभव हो पाया है कि अब एक लंबे समय से उपेक्षित भूमि पर बेटियों का भविष्य आकार लेगा।