शॉर्ट सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में लगी आग, 15 बिस्वा फसल जलकर राख, किसान परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चंदौली : जिले के चहनियां क्षेत्र अंतर्गत परासी गांव में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 15 बिस्वा गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, परासी गांव निवासी श्यामलाल यादव ने गांव के ही रामअवध यादव का खेत अधिया (बंटाई) पर लेकर गेहूं की खेती की थी। इस वर्ष फसल अच्छी तैयार हुई थी और कटाई के इंतजार में खड़ी थी। लेकिन मंगलवार को अचानक खेत के पास बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली, जिसने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगते ही खेत में धुआं और लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर दौड़े चले आए और बाल्टी, डंडों व अन्य साधनों से आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के अथक प्रयास के बावजूद आग पर काबू पाने से पहले ही करीब 15 बिस्वा गेहूं की फसल पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
इस घटना के बाद श्यामलाल यादव के परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। बंटाई पर खेती करने वाले इस परिवार की मेहनत की पूरी कमाई एक झटके में खत्म हो गई, जिससे उनके सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। घर में अन्न के लाले पड़ने की स्थिति बन गई है और पूरे परिवार में मायूसी का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि इस कठिन समय में परिवार को राहत मिल सके।


















