चंदौली में स्वास्थ्य-शिक्षा का बजा बिगुल, संचारी रोग व ‘स्कूल चलो’ अभियान का शुभारंभ, डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

117

चंदौली में स्वास्थ्य-शिक्षा का बजा बिगुल, संचारी रोग व ‘स्कूल चलो’ अभियान का शुभारंभ, डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को किया रवाना

चंदौली : जनपद में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर एक महत्वपूर्ण जनजागरूकता कार्यक्रम का गवाह बना, जहां संचारी रोग नियंत्रण अभियान और स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वाई.के. राय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया।

डीएम ने छात्रों को किया सम्मानित

कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्ट्रेट सभागार में एक सम्मान समारोह से हुई, जहां जिलाधिकारी ने मेधावी और प्रतिभावान छात्रों को पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है, और बच्चों को प्रोत्साहित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

पूरे जनपद में स्वच्छता अभियान और दवा छिड़काव पर जोर

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत पूरे जनपद में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान चलाया जाएगा। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई पर जोर देने के साथ-साथ संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए दवाओं का छिड़काव भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग और नगर निकाय प्रशासन को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

शिक्षा व स्वास्थ्य सुधार पर जोर

उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ और सुरक्षित रखना है। वहीं स्कूल चलो अभियान के तहत शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार और जागरूकता लाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मकसद बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना और अधिक से अधिक बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित करना है।

प्राथमिक स्कूलों में ड्रॉपआउट पर सख्ती

खासतौर पर प्राथमिक विद्यालयों में ड्रॉप आउट की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसे रोकने के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी। शिक्षा विभाग के अधिकारी अभिभावकों से सीधे संपर्क कर उन्हें बच्चों की पढ़ाई के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे।

नोडल अधिकारी करेंगे सख्त निगरानी

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि दूरदराज के क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार मॉनिटरिंग कर सुनिश्चित करेंगे कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। जिलाधिकारी ने सख्त शब्दों में कहा कि पूरे माह तक यह अभियान निरंतर और प्रभावी रूप से चलाया जाए, इसमें किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सामूहिक शपथ के साथ जागरूकता की शुरुआत

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और आम नागरिकों को संचारी रोगों की रोकथाम और शिक्षा के प्रति जागरूकता की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। इसके बाद छात्रों की रैली को कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसने शहर में जागरूकता का संदेश फैलाया।

जनभागीदारी से बनेगा स्वस्थ-शिक्षित चंदौली : डीएम

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के प्रत्येक स्कूल से इसी प्रकार की जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी, ताकि हर गांव और हर मोहल्ले तक इस अभियान का संदेश पहुंचे। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस जनभागीदारी अभियान में समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाए, जिससे चंदौली को एक स्वस्थ और शिक्षित जनपद बनाया जा सके।