खण्डवारी की समस्याओं को लेकर सांसद से मिले प्रधानपति, सड़क से स्कूल और शहीद स्मारक तक उठीं कई बड़ी मांगें
चंदौली : ग्राम पंचायत खण्डवारी की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्राम प्रधान पति सतीश गुप्ता ने रविवार को सांसद बीरेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने गांव में सड़क, प्राथमिक विद्यालय, विद्युत उपकेंद्र की बाउंड्रीवाल व कर्मचारी आवास की मरम्मत, शहीद बाबा स्मारक स्थल पर टिन शेड, विवाह मंडप तथा विकास खंड परिसर स्थित शहीद स्मारक पर करीब 125 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज स्थापित कराने की मांग की।
ज्ञापन में सतीश गुप्ता ने बताया कि खण्डवारी (रानेपुर) में दया यादव के घर से शहीद बाबा स्मारक स्थल/कब्रिस्तान और मां खण्डवारी अमृत सरोवर तक जाने वाला रास्ता अभी कच्चा है। इससे श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। उन्होंने इस मार्ग पर सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित एक भी प्राथमिक विद्यालय नहीं है। गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांवों में जाना पड़ता है, जिससे गरीब एवं असहाय परिवारों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित होती है। इसलिए गांव में नवीन प्राथमिक विद्यालय की स्थापना आवश्यक है।
ज्ञापन में चहनियां विद्युत उपकेंद्र की समस्याओं का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि स्थापना के बाद से अब तक उपकेंद्र की बाउंड्रीवाल नहीं बन सकी है, जबकि यह आबादी के बीच स्थित है। ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से बाउंड्रीवाल का निर्माण जरूरी है। वहीं कर्मचारियों के आवास जर्जर हालत में हैं, जिनकी मरम्मत कराने की मांग की गई।
सतीश गुप्ता ने शहीद बाबा स्मारक स्थल/कब्रिस्तान पर दर्शन-पूजन एवं अन्य आयोजनों में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए 20×90 फीट का टिन शेड लगवाने की मांग की। साथ ही करीब 8 से 10 हजार की आबादी वाले गांव में गरीब परिवारों को विवाह आयोजन के लिए दूर-दराज के मंदिरों एवं धर्मशालाओं में जाना पड़ता है। इसे देखते हुए ग्राम सभा में विवाह मंडप निर्माण कराने की मांग रखी गई।
इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए विकास खंड चहनियां परिसर स्थित शहीद स्मारक पर करीब 125 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज लगवाने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की स्मृति को सम्मान मिलेगा तथा युवाओं में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिलेगा।


















