नेपाल की जलप्रलय से सुरक्षित लौटे महाराष्ट्र के 106 पर्यटक, डीडीयू जंक्शन पर रेलवे ने बढ़ाया मदद का हाथ
चंदौली : नेपाल में आई भीषण जलप्रलय की त्रासदी के बीच सुरक्षित भारत लौटे महाराष्ट्र के 106 पर्यटकों के दल को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष सहायता उपलब्ध कराई गई। यात्रियों के डीडीयू जंक्शन पहुंचने पर रेलवे ने उनके लिए भोजन, नाश्ता, पेयजल और चिकित्सीय सुविधाओं की व्यवस्था की। सुविधाएं मिलने के बाद सभी यात्री अपने गृह राज्य महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए।
नेपाल भ्रमण के लिए गया महाराष्ट्र के 106 पर्यटकों का दल जलप्रलय की भयावह परिस्थितियों के बीच फंस गया था। हालांकि, सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे और ट्रेन के माध्यम से भारत लौटे। डीडीयू जंक्शन पहुंचने पर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की स्थिति को देखते हुए तत्काल विशेष इंतजाम किए।
डीडीयू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने स्वयं यात्रियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की निगरानी की। उनके निर्देशन में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों को भोजन, नाश्ता, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया। वहीं, आवश्यकता पड़ने पर यात्रियों को चिकित्सीय सहायता भी मुहैया कराई गई।
रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने यात्रियों की परेशानियों को समझते हुए उनकी आगे की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में हरसंभव सहयोग किया। लंबे सफर और नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के बाद डीडीयू जंक्शन पर मिली इस मदद से यात्रियों को काफी राहत मिली।
रेलवे प्रशासन की तत्परता और मानवीय पहल की यात्रियों ने सराहना की। आवश्यक सुविधाएं मिलने के बाद सभी 106 पर्यटक सकुशल अपने गंतव्य महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए।


















