सीडीओ के औचक निरीक्षण में विकास कार्यों की खुली पोल, लापरवाही पर वेतन रोकने की कार्रवाई, आईटीआई भवन 10 से 15 दिन में होगा हस्तांतरित, विद्यालय निर्माण में तेजी के निर्देश

79

सीडीओ के औचक निरीक्षण में विकास कार्यों की खुली पोल, लापरवाही पर वेतन रोकने की कार्रवाई, आईटीआई भवन 10 से 15 दिन में होगा हस्तांतरित, विद्यालय निर्माण में तेजी के निर्देश

चंदौली : मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं ने शनिवार को विकासखंड नौगढ़ और चकिया क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर निर्माणाधीन परियोजनाओं, विद्यालयों और ग्रामीण विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में तेजी लाने, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनसुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के सख्त निर्देश दिए। वहीं, सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत का वेतन रोकने की कार्रवाई की।

नौगढ़ में नवनिर्मित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने निर्माण की प्रगति जानी। कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन हस्तांतरण की प्रक्रिया अभी लंबित है। सीडीओ ने सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर अगले 10 से 15 दिनों में भवन का हस्तांतरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद चकिया के ग्राम पंचायत गनेशपुर में निर्माणाधीन मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया गया। यहां शैक्षणिक भवन, बहुउद्देश्यीय सभागार, बालवाटिका और मध्याह्न भोजन शेड का निर्माण कार्य चल रहा था। सीडीओ ने कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक को मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत भीषमपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में सीडीओ ने बच्चों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक समझ परखी। उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों से जुड़े सवाल पूछे और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा एक के बच्चों को स्वयं गणित पढ़ाया। विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को परिसर में बेहतर साफ-सफाई रखने और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने भीषमपुर की डिजिटल लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। यहां फर्नीचर और राष्ट्रीय पुस्तक न्यास की पुस्तकें उपलब्ध मिलीं, जबकि अन्य पुस्तकें आना बाकी थीं। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को शेष पुस्तकों की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। पंचायत भवन में पंचायत सहायक राहुल शर्मा द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों की जांच में सौ से अधिक ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने का विवरण दर्ज मिला।

सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने साफ-सफाई पर संतोष जताया। उन्होंने केयरटेकर से मानदेय भुगतान की जानकारी ली और निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से खुला रहे, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान पशु अस्पताल के सामने कूड़े का ढेर मिलने पर सीडीओ का रुख सख्त हो गया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर संबंधित ग्राम विकास अधिकारी और एडीओ पंचायत का वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन सफाई के लिए रोस्टर तैयार करने तथा तत्काल कूड़ा हटवाने को कहा। बीडीओ और एडीओ पंचायत को अगले एक सप्ताह तक प्रतिदिन सफाई की फोटो भेजकर व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जनसुविधाओं के मामले में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, खंड विकास अधिकारी, परियोजना प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।