बृजनंदनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स में धूमधाम से मना कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, बाल लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

177

बृजनंदनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स में धूमधाम से मना कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, राधा-कृष्ण के स्वरूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने मोहा मन, बाल लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

चंदौली : बृजनंदनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई, वहीं नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण, गोप-गोपियों और ग्वाल-बालों का मनमोहक स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने माता-पिता के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महोत्सव के दौरान बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी और गोकुल की मनमोहक झलकियों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर में भक्तिमय वातावरण बना दिया। आकर्षक झांकी, रंग-बिरंगे परिधान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

बच्चों के साथ अभिभावकों ने भी विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावक भावविभोर नजर आए और उन्होंने बच्चों के प्रयासों की जमकर सराहना की।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से बच्चों को जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी गौरवशाली संस्कृति से परिचित कराने के साथ ही उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास और संस्कारों का विकास करते हैं।

प्रधानाचार्य अरुण राय ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।