भीषण गर्मी का असर, चंदौली में बदला स्कूलों का समय, अब इतने बजे तक लगेंगी कक्षाएं
चंदौली : जनपद में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में बड़ा निर्णय लिया है। कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर लिया गया यह फैसला छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और लोक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी विद्यालय इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के समस्त परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं मान्यता प्राप्त विद्यालय अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह नया समय 20 अप्रैल 2026 से अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए लिया है। भीषण गर्मी के चलते छोटे बच्चों के बीमार पड़ने की आशंका को देखते हुए स्कूल समय में यह परिवर्तन आवश्यक माना गया।
गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन के साथ-साथ स्कूली बच्चों पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में यह निर्णय अभिभावकों और छात्रों के लिए राहत भरा साबित होगा।


















