विश्व पर्यावरण दिवस पर चंदौली में पौधरोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया गया संकल्प
चंदौली : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिवशंकर के निर्देशन में चहनियां एवं चकिया रेंज के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण किया गया तथा लोगों को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की उपयोगिता पर डाला प्रकाश
चकिया रेंज क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चकिया विधायक कैलाश आचार्य एवं भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने जनप्रतिनिधियों तथा वन विभाग के अधिकारियों के साथ बाबा जागेश्वर नाथ परिसर में पौधरोपण किया। वहीं चहनियां ब्लॉक परिसर में ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल के नेतृत्व में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षों की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।
लोगों को दिलाया गया संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संकल्प दिलाया गया कि वे न केवल अधिक से अधिक वृक्ष लगाएंगे, बल्कि उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का दायित्व भी निभाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ, सुंदर और संतुलित बनाए रखने के लिए वृक्षों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर बताया गया कि जंगल पृथ्वी के फेफड़े हैं। वे हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और वातावरण से कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर जलवायु संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वन वर्षा को बढ़ावा देने, मिट्टी के कटाव को रोकने तथा जैव विविधता के संरक्षण में भी अहम योगदान देते हैं।
पौधरोपण के साथ-साथ वृक्षों की देखभाल भी जरूरी
इस दौरान विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने के लिए सभी को पौधरोपण के साथ-साथ वृक्षों की देखभाल भी करनी चाहिए।
वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का देना होगा स्वरूप
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि वृक्ष प्रकृति का अमूल्य उपहार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देना होगा।
पेड़-पौधे ही हमारे जीवन का आधार
खण्ड विकास अधिकारी चहनियां ने कहा कि पेड़-पौधे ही हमारे जीवन का आधार हैं। इनके बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। इसलिए इनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में चहनियां रेंज से वन विभाग के कर्मचारी जितेन्द्र यादव, अभिषेक यादव, राजकुमार, कैलाश एवं छोटेलाल सहित ब्लॉक के कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं चकिया रेंज से परशुराम सिंह, रेंजर अखिलेश दुबे, सदानंद, रामचरित्र, ऋषि चौबे तथा समाजसेवी अम्बुज मोदनवाल, दिनेश बहेलिया, रामभरोस जायसवाल, महंत गिरी, अनूप गिरी समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।


















