चकिया पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में 3 आरोपितों को किया गिरफ्तार
चंदौली : चकिया थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपितों को सिकंदरपुर मोड़ से दबोचा और उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर गांव निवासी संतोष बिंद ने 16 अप्रैल की रात करीब 11 बजे तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह अपने घर पर खाना बना रहा था, तभी पड़ोस के लालचंद बिंद और उसके परिजन घर के बाहर आकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। जाते समय आरोपित जान से मारने की धमकी भी देते हुए फरार हो गए।
इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित लालचंद, सरोज और पांचू निवासी जलालपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि मजदूरी के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते उन्होंने गुस्से में आकर संतोष बिंद पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक भग्गू सिंह, हेड कांस्टेबल ज्ञानप्रकाश यादव व अखिलेश कुमार शामिल रहे।


















