महानिर्वाणी पंचायती अखाड़े के साधुओं के स्नान के बाद मकर संक्रांति का स्नान शुरू, लोग लगा रहे हैं संगम में डुबकी
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेला का विराट स्वरूप आज दिखने जा रहा है. महाकुंभ 2025 का पहला अमृत स्नान पर्व मकर संक्रांति के मौके पर मनाया जा रहा है. महाकुंभ को लेकर सभी 13 अखाड़ों के साधु, संत और संन्यासियों में उत्साह दिख रहा है. महाकुंभनगर के टेंट सिटी में उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा है. पौष पूर्णिमा शाही स्नान के मौके पर करीब एक करोड़ 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम तट पर डुबकी लगाई. मकर संक्रांति के मौके पर यह आंकड़ा चार से पांच करोड़ तक पहुंचने का अनुमान है. वहीं, अखाड़ों के अमृत स्नान के भव्य और दिव्य नजारे को देखने के लिए लोग जुट रहे हैं.

श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, सुरक्षा चाक-चौबंद
महाकुंभ 144 वर्ष में दुर्लभ खगोलीय संयोग में हो रहा है. यह वही संयोग है जो समुद्र मंथन के दौरान बना था. देश के कोने कोने से श्रद्धालु प्रयागराज आ रहे हैं. पहले ही दिन भीड़ इतनी रही कि लगभग 3700 लोग अपनो से बिछड़ गए. बाद में खोया पाया केंद्र में अनाउंसमेंट कर ज्यादातर लोगों को उनके परिवार वालों से मिलवाया गया. हेलीकॉप्टर और NSG कमांडो ने महाकुंभ में आए लोगों पर नज़र रखी. विदेशी श्रद्धालु भी बड़ी तादात में कुम्भ में स्नान करने पहुंचे. प्रशासन के मुताबिक जर्मनी, ब्राजील, रूस समेत 20 देशों से भक्त पहुंचे. वही आज मकर संक्रांति के अवसर पर सुबह से ही लोग आस्था की डुबकी लगा रहे है.


















