जीआरपी ने पकड़ी 15 किलो चांदी के आभूषण की खेप, दो अभियुक्त गिरफ्तार

217

जीआरपी ने पकड़ी 15 किलो अवैध चांदी के आभूषण की खेप, दो अभियुक्त गिरफ्तार

चंदौली : जिले के पंडित दीन दयाल उपाध्याय जीआरपी को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जीआरपी ने चेकिंग के दौरान ट्रेन से सफर कर अवैध चांदी की तस्करी कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. तस्करों के पास रखे एक बैग से लगभग 12 लाख रुपये की चांदी का पायल बरामद हुआ है. तस्कर चांदी के आभूषण की खेप को कानपुर से बिहार लेकर जा रहे थे. जीआरपी ने बरामद हुए आभूषण के बारे में आयकर विभाग को सूचना दी. सूचना पाकर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वही जीआरपी ने बरामद चांदी के आभूषण से भरे पिट्ठू बैग को आयकर विभाग की टीम को सुपुर्द कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.

12394 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से पकड़े गए दो संदिग्ध

पंडित दीन दयाल उपाध्याय जीआरपी की ओर से ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. जिसके क्रम में नम्बर 12394 सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में लगे स्कोर्ट कर्मियों द्वारा चेकिंग की जा रही थी. इस दौरान कोच नम्बर एस-5 में दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए. पूछताछ में अपना नाम रामधनी (35 वर्ष) पुत्र छोटेलाल निवासी छिकपुर थाना देहात कोतवाली मिर्ज़ापुर वही दूसरे व्यक्ति ने अपना नाम आनंद पाण्डेय पुत्र रामधनी पाण्डेय (उम्र 45 वर्ष) निवासी गनेश गंज बहेलिया गली आदर्श बालिका इंटर कॉलेज थाना कटरा जिला मिर्ज़ापुर बताया. जिनके कब्जे से एक बैग में रखे 15 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए. जिनकी अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है. स्कोर्ट कर्मियों की पूछताछ में संदिग्ध व्यक्तियों ने चांदी के आभूषण से संबंधित कोई भी दस्तावेज नहीं दिखा पाए.

जीआरपी ने आयकर विभाग को दी सूचना

संदिग्ध व्यक्तियों को बरामद चांदी के आभूषण सहित थाना जीआरपी लाया गया. जीआरपी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार सिंह द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों से पुनः चांदी के आभूषण के बारे में पूछताछ की तो कोई भी कागजात प्रस्तुत नही कर सके. जिसके बाद बरामद हुए चांदी के आभूषण के बारे में आयकर विभाग, वाराणसी को विधिक कार्रवाई हेतु सूचित किया गया. सूचना पाकर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची. वही जीआरपी ने चांदी के आभूषण से भरे पिट्ठू बैग को आयकर विभाग की टीम को सुपुर्द कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई.

कानपुर से बिहार लेकर जा रहे थे चांदी के आभूषण की खेप

इस बाबत जीआरपी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस जो दिल्ली से राजेन्द्र नगर जाती है. उसमें हमारा स्कोर्ट आता है. कानपुर से आगे ट्रेन बढ़ने के बाद हमारे स्कोर्ट कर्मियों ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा. जब उनको चेक किया तो उनके पिट्ठू बैग में चांदी की ज्वेलरी थी. इस संबंध में जब उनसे कागजात दिखाने को कहा गया तो वह कोई भी कागजात नही दिखा पाए. उनको थाना लाया गया. उसके बाद आयकर विभाग वाराणसी को सूचना दे दी गई थी. आयकर विभाग की टीम आ गई है, विधिक कार्रवाई कर रही है. बरामद चांदी के आभूषण की अनुमानित कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है. चांदी के आभूषण को लेकर कानपुर से बिहार जा रहे थे.