डीएम ने जिला प्रोबेशन कार्यालय का किया आकस्मिक निरीक्षण, पढ़े खबर..
चंदौली : जिलाधिकारी निखिल टी. फुंडे ने बुधवार को महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित जिला प्रोबेशन कार्यालय, जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, किशोर न्याय बोर्ड, जिला चाइल्ड हेल्पलाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी से पोर्टल को नियमित रूप से देखने की हिदायत दी. उन्होंने कहा कि यदि कोई प्रकरण पोर्टल पर प्रदर्शित होता है तो उस प्रकरण का तत्काल समाधान कराना सुनिश्चित किया जाए. साथ ही शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण कराया जाए. जन सुनवाई में लम्बित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण शीघ्र कराने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिया. साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों को एक सप्ताह के अंदर निस्तारित कराने के निर्देश दिया.

पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा संबंधित पटल सहायकों से उनके द्वारा देखे जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई. इस क्रम में उन्हें अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) योजना अंतर्गत कुल 22 तथा स्पॉन्सरशिप योजना अंतर्गत कुल 140 आवेदकों के आवेदन पत्र लंबित है, जो जांच प्रक्रिया में है. जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के अंदर लंबित आवेदन पत्रों की समस्त कार्यवाइयों को पूर्ण करते हुए उनकी स्वीकृति सुनिश्चित कराया जाए. तथा पात्र लाभार्थियों को शत-प्रतिशत योजनाओं से लाभान्वित किया जाए.

पत्रावलियों व पंजिकाओं का भी किया अवलोकन
बाल कल्याण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए उनसे संबंधित पत्रावलियों, पंजिकाओं का भी अवलोकन किया गया. इसके उपरांत निर्देश दिया गया कि पॉक्सो प्रकरण में विशेष न्यायालय से जमानत की प्रति प्राप्त की जाए तथा एफआईआर दर्ज होते ही उसकी सूचना बाल कल्याण समिति को उपलब्ध कराई जाए. वही किशोर न्याय बोर्ड में न्यायालय का कार्य चल रहा था. निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिए गए कि चाइल्ड हेल्पलाइन पर लंबित प्रकरणों को अभिलंब निस्तारित किया जाए. साथ ही जो प्रकरण निस्तारित हो चुके हैं उन्हें केस पंजिका पर लाल पेन/स्केच से क्लोज अंकित कर दिया जाए. साथ ही यह भी निर्देश दिया की छेड़खानी तथा अन्य समस्त प्राप्त प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रतिदिन की सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक तथा संबंधित थाने को प्रेषित किया जाए. प्राप्त सभी प्रकरणों में जिनका निस्तारण हो चुका है, उनका फॉलोअप निरंतर किया जाए.
निरीक्षण के दौरान प्रभात कुमार जिला प्रोबेशन अधिकारी, अशोक कुमार श्रीवास्तव, धर्मेंद्र कुमार सिंह, हरेराम पाण्डेय, ताहिर हुसैन, डॉ किरण त्रिपाठी सहित आदि अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे.


















