गंगा नदी का बढ़ा जलस्तर, तटीय क्षेत्रों के किसानों की बढ़ी चिंता

588

गंगा नदी का बढ़ा जलस्तर, तटीय क्षेत्रों के किसानों की बढ़ी चिंता

चंदौली : जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. गंगा नदी के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग डर गए हैं. वहीं, जलस्तर की बढ़ोतरी को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है. और तटबंध की लगातार निगरानी करते रहने का निर्देश डीएम के द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिया गया है. साथ ही बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रभावित लोगों के लिए सुरक्षित और ऊंचे स्थलों को चिह्नित करने का निर्देश भी दिया गया है.

चहनियां क्षेत्र के बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी घाट पर बनी पांच सीढ़ियों को लांघते हुए गंगा का पानी मंदिर के पास पहुंच गया है. बाढ़ आने की आशंका से अब तटीय क्षेत्रों के किसानों को चिंता सताने लगी है. जलस्तर बढ़ने के साथ ही गंगा नदी के तटीय क्षेत्र के किसानों व ग्रामीणों को गंगा कटान की चिंता तो दूसरी तरफ फसलें खराब होने की भी चिंता सताने लगी है. गंगा तट के किनारे बसे गांव रौना, कुरहना, कैली, भुपौली, कांवर, महुआरी, बिसुपुर, महुआरी खास, सराय, बलुआ, डेरवा, महुअर कलां, हरधन जुड़ा, विजयी के पूरा, गणेश पुरा, टांडा कलां, बड़गांवा, तिरगांवा, हसनपुर, नादी निधौरा आदि गांवों के किसानों और ग्रामीणों को गंगा कटान व फसल खराब होने की चिंता सताने लगी है. वही पूर्व वर्षो में किसानों की उपजाऊ भूमि गंगा के फेटे में समाहित हो चुकी है. लोगों का कहना है कि चुनाव में नेता, जनप्रतिनिधि गंगा कटान रोकने के लिए सिर्फ वायदे करते है.

डीएम ने जारी किया गंगा नदी के जलस्तर का आंकड़ा

डीएम निखिल टी. फुंडे ने गंगा नदी के जलस्तर में बृद्धि को लेकर आंकड़ा जारी किया है. जिले में गंगा नदी का जलस्तर 61.88 मीटर दर्ज किया गया है. वही चेतवानी बिंदु 70.26 मीटर है. चेतवानी बिंदु से 9 मीटर नीचे गंगा नदी के जलस्तर का बहाव है.