गोवंश को बचाने में डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा, खलासी घायल

541

गोवंश को बचाने में डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलटा, खलासी घायल

चंदौली : जिले में भीषण हादसा होते होते टल गया. शनिवार की देर रात्रि अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना गांव के समीप नेशनल हाइवे-19 पर गोवंश को बचाने में डीजल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. जिसके बाद टैंकर का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण डीजल का रिसाव होने लगा. देखते ही देखते पूरे हाइवे पर डीजल फैल गया. टैंकर चालक बाल बाल बच निकला. तो वही खलासी घायल हो गया. सूचना पाकर पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचआई की टीम मौके पर पहुंच गई. और बहुत ही सूझ-बूझ के साथ बड़ी घटना घटित होने से रोक लिया. डीजल भरे टैंकर से रिसते तेल को देखकर लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही.

जानकारी के अनुसार अलीनगर थाना क्षेत्र के हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन डिपो से टैंकर में डीजल लोड कर चालक संजय सिंह और खलासी अरविंद पाल फूलपुर प्रयागराज के लिए जा रहे थे. इसी दौरान गोधना गांव के समीप नेशनल हाईवे-19 पर पहुंचते ही अचानक सामने गोवंश आ जाने के कारण टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. वही राहगीरों ने जब यह मंजर को देखा तो तत्काल चालक और खलासी को बाहर निकाला. हादसे में चालक तो बाल-बाल बच गया. लेकिन खलासी अरविंद पाल घायल हो गया. हादसे में घायल चालक को तत्काल राहगीरों ने एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है.

वहीं सूचना पाकर पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और एनएचआई टीम मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य मे जुट गई. डीजल भरे टैंकर से रिसते तेल को देखकर लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी रही. हालांकि राहत और बचाव कार्य में लगी टीम ने डेढ़ घंटे के रेस्क्यू के बाद दो हाइड्रा और क्रेन की मदद से पलटे हुए टैंकर को सीधा कराया. इस दौरान फायर ब्रिगेड की टीम टैंकर पर पानी की बौछार करके आग की घटना को रोकने में सफल रही. स्थिति सामान्य होने पर हाईवे पर आवागमन सुचारू रूप से संचालित हुआ.

इस बाबत एनएचआई हेल्पलाइन टीम के पेट्रोलिंग ऑफिसर जय प्रकाश दुबे ने बताया कि गोवंश को बचाने में अनियंत्रित होकर टैंकर पलट गया था. जिसे पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनएचआई हेल्पलाइन की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर टैंकर को सीधा कर लिया है. इस दौरान आग लगने की संभावना जताई जा रही थी. जिसे टीम ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए बड़ी घटना घटित होने से रोक लिया. और स्थिति सामान्य होने पर सुचारू रूप से आवागमन संचालित कर दिया गया.