यूपी TIMES18 की खबर का हुआ बड़ा असर, नौनिहालों को मिली राहत, भीषण ठंड और कोहरे के चलते कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 26 दिसंबर तक बंद

119

यूपी TIMES18 की खबर का हुआ बड़ा असर, नौनिहालों को मिली राहत, भीषण ठंड और कोहरे के चलते कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 26 दिसंबर तक बंद

चंदौली : हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी नौनिहालों को स्कूल जाने की मजबूरी को लेकर यूपी TIMES18 द्वारा प्रमुखता से उठाई गई खबर का आखिरकार असर देखने को मिला। चैनल द्वारा “भीषण ठंड में स्कूल जाने को मजबूर नौनिहाल, अवकाश की उठी मांग” शीर्षक से चलाई गई खबर पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बढ़ती शीतलहर और घने कोहरे को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार जनपद चंदौली में प्री-प्राइमरी/नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी सरकारी, गैर सरकारी, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं समस्त बोर्डों के विद्यालयों में पठन-पाठन 26 दिसंबर 2025 तक स्थगित कर दिया गया है।

आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत आदेश

जिला प्रशासन द्वारा यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत जारी किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि तापमान में अत्यधिक गिरावट, शीतलहर और घने कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

शिक्षकों के लिए समय निर्धारित

हालांकि विद्यालयों में छात्रों की छुट्टी रहेगी, लेकिन समस्त कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं अन्य कर्मियों को प्रातः 10:00 बजे से अपरान्ह 03:00 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। इस दौरान वे विद्यालय से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों का जिनमें एस.आई.आर. (SIR), ऑनलाइन प्रशिक्षण, अर्द्धवार्षिक परीक्षा का परीक्षाफल तैयार करना, डीबीटी (DBT), यू-डायस/अपार फीडिंग
जीरो पावर्टी एवं अन्य विभागीय निर्देशित कार्य का संपादन करेंगे।

अभिभावकों और छात्रों में खुशी

विद्यालय बंद होने के आदेश के बाद अभिभावकों और छात्रों ने राहत की सांस ली है। अभिभावकों का कहना है कि लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड में छोटे बच्चों को स्कूल भेजना बेहद जोखिम भरा था। ऐसे में जिला प्रशासन का यह निर्णय सराहनीय है।

यूपी TIMES18 की जनहित में पहल

इस पूरे मामले में यूपी TIMES18 की भूमिका अहम रही। जनहित से जुड़ा मुद्दा प्रमुखता से उठाने के बाद प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे नौनिहालों को ठंड से राहत मिली।