शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं, तेज रफ्तार कार की टक्कर में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत, गांव में पसरा सन्नाटा
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुरवा गांव के समीप गुरुवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो परिवारों की खुशियाँ मातम में बदल गईं। चहनियां-चंदौली हाईवे पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार और स्कूटी की भीषण टक्कर में स्कूटी सवार 55 वर्षीय भोला मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय वीरेंद्र सिंह ने शुक्रवार की रात वाराणसी ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दवा लेकर लौट रहे थे घर
मृतक भोला मौर्या और वीरेंद्र सिंह दोनों चंदौली जनपद के पपौरा गांव के रहने वाले थे। गुरुवार की रात दोनों दवा लेने के लिए चहनियां गए थे और स्कूटी से वापस अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में मोहनपुरवा गांव के पास जब वे हाईवे पार कर रहे थे, तभी सकलडीहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
तेज रफ्तार ने छीन ली दो जिंदगियां
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भोला मौर्या ने गुरुवार की रात दम तोड़ दिया। वीरेंद्र सिंह की हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उन्होंने शुक्रवार की रात इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।
गांव में छाया सन्नाटा, परिजन बदहवास
वीरेंद्र सिंह किसान होने के साथ-साथ पपौरा स्थित काशी यूपी बड़ौदा बैंक में प्राइवेट चपरासी के पद पर कार्यरत थे। उनकी मौत से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा गांव शोक में डूब गया है। खास बात यह रही कि वीरेंद्र सिंह के भाई की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। घर में जहां एक दिन पहले तक शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब चारों ओर मातम और आंसुओं का साया है।
मृतक वीरेंद्र सिंह की पत्नी सोनी सिंह, पुत्र देव सिंह और पुत्री सगुन सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। दो जनों की एक साथ मौत से पपौरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। गांववालों और परिजनों के बीच इस हृदयविदारक घटना से भारी शोक और आक्रोश व्याप्त है। परिजन हादसे के जिम्मेदार कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, घटना के बाद से स्विफ्ट डिजायर कार का चालक फरार बताया जा रहा है।
यह दर्दनाक हादसा न केवल दो परिवारों के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक गहरा सदमा बन गया है, जो लंबे समय तक लोगों के जेहन में जिंदा रहेगा।


















