तेज रफ्तार ट्रक ने ली मजदूर की जान, गांव में मचा कोहराम — परिजनों को मिला मुआवजे का आश्वासन
चंदौली : मुग़लसराय कोतवाली क्षेत्र के छित्तमपुर गांव में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब 34 वर्षीय तिलकु चौहान सड़क पार कर रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए।
सड़क पार कर रहे थे तिलकु, ट्रक ने रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर निवासी तिलकु चौहान किसी कार्यवश छित्तमपुर गांव के पास बाजार जा रहे थे। जैसे ही वे सड़क पार करने लगे, उसी समय बालू खाली कर वापस लौट रहा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उन्हें कुचलता चला गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तिलकु की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक फरार, ट्रक जब्त
दुर्घटना होते ही ट्रक चालक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल बन गया। लोगों ने सड़क पर जाम लगाने की चेतावनी दी और प्रशासन से मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग की।
प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही एसडीएम अनुपम मिश्रा, सीओ डीडीयू नगर राजीव कुमार सिसौदिया तथा एसएचओ गगन राज सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। काफी समझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को तत्काल 30 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और 5 लाख रुपये के सरकारी मुआवजे का आश्वासन दिया।
परिवार में मचा कोहराम, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
तिलकु चौहान की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी चमेली, 13 वर्षीय बेटा गोलू, 12 वर्षीय बेटी आँचल और 10 वर्षीय बेटी गुड्डी को छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी, ऐसे में मुखिया की असमय मौत ने जीवन को और मुश्किल बना दिया है।
ग्रामीणों की सुरक्षा की मांग
इस हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पर्याप्त उपाय करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
जांच जारी, न्याय की उम्मीद
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है। परिजन और ग्रामीण प्रशासन से दोषी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह हादसा न केवल एक परिवार की त्रासदी बन गया, बल्कि क्षेत्र में सड़क सुरक्षा की अनदेखी पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।


















