चंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर ने मारी स्कूटी को टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुरवा गांव के समीप चहनियां-वाया-चंदौली हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसमें इलाज के दौरान एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने सामने से जा रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना में घायल हुए 55 वर्षीय भोला मौर्या एवं 45 वर्षीय वीरेंद्र सिंह चहनियां से दवा लेकर स्कूटी से अपने गांव पपौरा लौट रहे थे। स्कूटी भोला मौर्या चला रहे थे। जैसे ही वे मोहनपुरवा गांव के पास पहुंचे, तभी चकिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। टक्कर के बाद अनियंत्रित कार हाईवे पर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद कार सवार मौके से फरार हो गए, जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को चहनियां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान भोला मौर्या ने दम तोड़ दिया, जबकि वीरेंद्र सिंह को वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
भोला मौर्या की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी कुसुम देवी, पुत्र अजय और पुत्री खुशी का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के परिजन थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। भोला का पोस्टमार्टम चंदौली जिला अस्पताल में कराया गया।
शादी की खुशी मातम में बदली
वीरेंद्र सिंह के भाई की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। दोनों रिश्तेदारों को दवा लेकर गांव लौटते वक्त यह हादसा हुआ। पूरे परिवार में जहां शादी की खुशियां होनी थीं, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।
पुलिस की कार्यवाही जारी
इस संबंध में सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि बलुआ थाना क्षेत्र में चहनियां-सकलडीहा मुख्य मार्ग पर स्विफ्ट डिजायर और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर हुई, जिसमें स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों वाहनों को थाने लाया गया है और जांच जारी है। कार चालक की तलाश की जा रही है। मौके पर कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है।
यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही की कीमत एक परिवार को जीवनभर के गम के रूप में चुकाने की दिल दहला देने वाली याद दिला गया।


















