चन्दौली पुलिस में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य निलंबित, विभागीय जांच शुरू

83

चन्दौली पुलिस में बड़ी कार्रवाई, लापरवाही पर निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य निलंबित, विभागीय जांच शुरू

चन्दौली : जनपद चन्दौली में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विवेचना सेल में तैनात निरीक्षक नागरिक पुलिस विमलेश कुमार मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर कर्तव्य पालन में गंभीर लापरवाही, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और विवेचना में अनियमितता बरतने के आरोप हैं।

पुलिस विभाग से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य थाना कोतवाली चन्दौली में दर्ज मु0अ0सं0-280/2024 की विवेचना कर रहे थे, जो धारा 103(1) बीएनएस के तहत पंजीकृत है। आरोप है कि उन्होंने नामित अभियुक्तों को नियमानुसार नोटिस जारी किए बिना, अनुचित लाभ लेने के उद्देश्य से मामले को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक लंबित रखा।

बताया गया कि इस महत्वपूर्ण विवेचना को शीघ्र निस्तारित करने के लिए उच्चाधिकारियों द्वारा कई बार निर्देश दिए गए थे, लेकिन निरीक्षक ने उन निर्देशों की अनदेखी की और विवेचना संबंधी स्थापित नियमों का उल्लंघन किया। मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक सदर द्वारा की गई, जिसमें सभी आरोप सही पाए गए।

इसके बाद ‘उत्तर प्रदेश अधीनस्थ श्रेणी के पुलिस अधिकारियों की (दण्ड एवं अपील) नियमावली-1991’ के नियम 17(1)(क) के तहत निरीक्षक विमलेश कुमार मौर्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनता की शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।