टैबलेट पाकर गदगद हुए छात्र, तकनीकी शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

55

टैबलेट पाकर गदगद हुए छात्र, तकनीकी शिक्षा को मिलेगा नया आयाम

चंदौली : तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने और छात्रों को डिजिटल युग से जोड़ने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजना के तहत एक भव्य टैबलेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चहनियां कस्बे में स्थित मां खण्डवारी उच्च शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित पालिटेक्निक कॉलेज श्री त्रिदंडी देव हनुमत कॉलेज, बिसुपुर में सम्पन्न हुआ।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मां खण्डवारी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के प्रबंध निदेशक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह एवं निदेशक अवनीश सिंह रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. आशुतोष कुमार सिंह द्वारा मां सरस्वती के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात कॉलेज में अध्ययनरत छात्रों को टैबलेट वितरित किए गए।

डॉ. आशुतोष कुमार सिंह का प्रेरणादायक संबोधन

डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार द्वारा दिया गया यह टैबलेट केवल पढ़ाई के उद्देश्य से उपयोग में लाया जाए। उन्होंने कहा कि “यह योजना विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी सौगात है, जो उन्हें डिजिटल शिक्षा की दिशा में मजबूत बनाएगी। स्मार्टफोन और टैबलेट तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक वरदान सिद्ध हो रहे हैं। आज की शिक्षा तकनीकी आधारित हो चुकी है और इन उपकरणों के माध्यम से छात्र दुनिया भर की जानकारी और अध्ययन सामग्री आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं, हम सभी को अपनी संस्कृति, संस्कार और अनुशासन को भी अपनाना चाहिए, क्योंकि यह जीवन की मूलभूत धारा है। उन्होंने शिक्षा को जीवन की आधारशिला बताते हुए छात्रों से कहा कि इसका सही उपयोग कर वे अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकते हैं।

निदेशक अवनीश सिंह ने दी शुभकामनाएं

निदेशक अवनीश सिंह ने भी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टैबलेट का सदुपयोग कर छात्र अपनी पढ़ाई को और बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वे छात्रों को डिजिटल शिक्षा के सही मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करें।

कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य व्यक्ति

कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह, प्रवक्ता अरविंद यादव, दिवाकर विश्वकर्मा, मनोज प्रजापति, चंद्रमा यादव, अवनीश राय सहित कॉलेज का समस्त स्टाफ एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की योजनाएं छात्रों को तकनीकी रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होती हैं।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने टैबलेट प्राप्त करने वाले छात्रों को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह आयोजन न केवल छात्रों के लिए एक तकनीकी सहायता रहा, बल्कि एक प्रेरणा भी बनी कि किस तरह सरकार और संस्थान मिलकर शिक्षा को नए आयाम दे सकते हैं।