आयुर्वेद जागरूकता रैली निकालकर छात्रों ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
चंदौली : आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए आयुर्वेद जागरूकता रैली निकाली। रैली को प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान आयुर्वेद विभाग के कर्मचारियों ने प्रधानाचार्य को इंसुलिन का पौधा भेंट किया।
रैली खंडवारी देवी इंटर कॉलेज से शुरू होकर चहनियां कस्बे से गुजरते हुए आसपास के गांवों तक पहुंची। छात्र-छात्राओं और आयुर्वेद विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा आयुर्वेद के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान लोगों को आयुर्वेदिक उपचार और घरेलू औषधीय पौधों के उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि आयुर्वेद हमारी प्राचीन चिकित्सा पद्धति है। उन्होंने कहा कि किसी भी औषधि का सेवन चिकित्सकीय सलाह के बाद ही करना चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं से उन्होंने पारंपरिक घरेलू उपायों को अपनाने के साथ आयुर्वेद चिकित्सकों से सलाह लेने की अपील की।
डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में लगातार विकास हो रहा है और लोगों में इसके प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से आयुर्वेद को समझने और चिकित्सकीय परामर्श के साथ इसका लाभ उठाने की अपील की।
रैली में पपौरा चिकित्साधिकारी डॉ. नीतू सिंह, चिकित्साधिकारी शेवखर कला डॉ. हरीश कुमार, शहीद गांव के फार्मासिस्ट अजय कुमार सिंह, पपौरा फार्मासिस्ट माया उपाध्याय, मारूफपुर फार्मासिस्ट रामानंद उपाध्याय सहित सुशील पाण्डेय, सुनील सिंह, उपेंद्र नाथ, कमलेश सिंह, अफजल, वंश नारायण गौतम और विनय सिंह आदि मौजूद रहे।


















