डीएम-सीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता परखी, खगवल में डीएम ने चखा मिड-डे मील, भोजन की गुणवत्ता पर जताई संतुष्टि

20

डीएम-सीडीओ ने परिषदीय विद्यालयों का किया औचक निरीक्षण, बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता परखी, खगवल में डीएम ने चखा मिड-डे मील, भोजन की गुणवत्ता पर जताई संतुष्टि

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई ने बुधवार को जनपद के परिषदीय विद्यालयों और गेस्ट हाउस का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों के शैक्षिक स्तर, व्यवस्थाओं और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को परखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सबसे पहले अधिकारियों ने प्राथमिक विद्यालय बसारिकपुर का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में पहुंचकर बच्चों से संवाद किया और उनके शैक्षिक स्तर की जानकारी ली। विद्यालय परिसर में संचालित को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों के संचालन की स्थिति देखी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद दोनों अधिकारी कंपोजिट विद्यालय खगवल पहुंचे। जिलाधिकारी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनके ज्ञान का परीक्षण किया। कक्षा छह के विद्यार्थियों से अंग्रेजी की पुस्तक पढ़वाई गई तथा विभिन्न शब्दों के अर्थ पूछकर उनकी विषयगत समझ को परखा गया।

विद्यालय में संचालित मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचने के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं भोजन चखा। उन्होंने भोजन के स्वाद, गुणवत्ता एवं स्वच्छता का जायजा लिया। भोजन मानक के अनुरूप मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। इसके बाद विद्यालय की अन्य कक्षाओं और परिसर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने गेस्ट हाउस बर्थरा खुर्द का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नवीन निर्मित भवन का अवलोकन करते हुए शेष आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूरा कराने और इसके बाद संबंधित विभाग को हैंडओवर करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।