एसआईआर कार्य में देरी पर एसडीएम सख्त, प्रतिदिन 100 मतदाताओं की सुनवाई के दिए निर्देश
चंदौली : सकलडीहा विकास खंड कार्यालय में बुधवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम कुंदन राज कपूर ने कार्य की प्रगति को बेहद धीमा पाकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) विजय कुमार सिंह को स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सुनवाई और मैपिंग के कार्य में तत्काल तेजी लाई जाए, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य को पूरा किया जा सके।
मतदाता मैपिंग है एसआईआर का मुख्य उद्देश्य
एसडीएम ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं की सुनवाई सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही तय हो।
2068 मतदाताओं की सुनवाई की जिम्मेदारी बीडीओ को सौंपा
बताया गया कि सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र के 310 से 340 बूथों से जुड़े कुल 2068 मतदाताओं की सुनवाई और मैपिंग की जिम्मेदारी बीडीओ विजय कुमार सिंह को सौंपी गई है। प्रारंभ में यह कार्य विकास खंड कार्यालय से किया जा रहा था, लेकिन अपेक्षित संख्या में लोग कार्यालय नहीं पहुंच रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए अब बीडीओ स्वयं गांव-गांव जाकर मतदाताओं की सुनवाई कर रहे हैं।
अब तक 600 मतदाताओं की हो चुकी है सुनवाई
निरीक्षण के दौरान बीडीओ विजय कुमार सिंह ने एसडीएम को अवगत कराया कि अब तक लगभग 600 मतदाताओं की सुनवाई कर उनकी मैपिंग पूरी की जा चुकी है तथा प्रतिदिन औसतन 60 लोगों की सुनवाई की जा रही है। इस पर एसडीएम ने असंतोष व्यक्त करते हुए निर्देश दिया कि प्रतिदिन कम से कम 100 मतदाताओं की सुनवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि 27 फरवरी से पहले समस्त कार्य को हर हाल में पूरा किया जा सके।
लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा है कार्य
एसडीएम कुंदन राज कपूर ने दो टूक कहा कि एसआईआर कार्य निर्वाचन प्रक्रिया की बुनियाद है और इसमें किसी भी तरह की ढिलाई लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और जनता को सुनवाई में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कई अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सिंह के साथ एडीओ पंचायत बजरंगी पाण्डेय, लेखाकार विजय शंकर अकेला, भावेश त्रिपाठी, महेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















