बिजली कटौती पर विधायक कैलाश आचार्य सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार, चकिया की बदहाल विद्युत व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
चंदौली : भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट ने चकिया क्षेत्र के लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। नगर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और खराब विद्युत आपूर्ति से आमजन का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर चकिया के वरिष्ठ व्यापारियों और समाजसेवियों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक कैलाश आचार्य से मिला और क्षेत्र की बिगड़ती विद्युत व्यवस्था पर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने तुरंत जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से वार्ता की और विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को फोन कर अपनी कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वे अपनी कार्यशैली में सुधार करें, जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दें और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कर्मचारी अपने दायित्वों में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों और पुराने पोलों को जल्द बदलने तथा संपूर्ण विद्युत व्यवस्था को मजबूत और सुचारू बनाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कैलाश जायसवाल, आशु जायसवाल, आलोक जायसवाल, मनोज चौहान, रामलाल सेठ, सुजीत जायसवाल, दीपक चौहान और राहुल जायसवाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
विधायक की इस सक्रिय पहल के बाद चकिया क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या का जल्द समाधान होगा और लोगों को राहत मिलेगी।


















