चहनियां शिव मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर शुरू हुई तैयारियां, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

22

चहनियां शिव मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर शुरू हुई तैयारियां, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

चंदौली : चहनियां स्थित शिव मंदिर परिसर में शुक्रवार की शाम जागृति सेवा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें महाशिवरात्रि पर्व को भव्य रूप से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं, धार्मिक अनुष्ठानों, शोभायात्रा, भंडारे तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर रणनीति बनाई गई।

बैठक में समिति के संरक्षक उदय प्रताप सिंह ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी 2026 को सुबह 8 बजे से अखंड हरिकीर्तन का शुभारंभ किया जाएगा। वहीं 15 फरवरी 2026 को सुबह 10 बजे के बाद भगवान शिव का रुद्राभिषेक शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि दोपहर 2 बजे के बाद चहनियां कस्बा में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा के माध्यम से पूरा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में रंग जाएगा।

समिति के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता ने बताया कि शोभायात्रा में कलाकारों द्वारा दर्जन भर रथों पर भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, भगवान हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। ढोल-नगाड़ों, भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से वातावरण भक्तिमय रहेगा।

शोभायात्रा के पश्चात मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया जाएगा। समिति द्वारा स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा तथा भीड़ प्रबंधन की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी।

बैठक में पूर्व प्रधान सरिद्वार यादव, बिरजू अग्रहरी, डॉ. अजय सिंह, पूर्व प्रधान रामजी मोदनवाल, रामबिलास गुप्ता, कल्यान जी गुप्ता, प्रधानपति सतीश गुप्ता, धर्मेंद्र यादव, ओमप्रकाश गुप्ता, प्रिंस मिश्रा, मनोज गुप्ता, सुजीत सिंह, आलोक जायसवाल, श्यामसुंदर वर्मा, पप्पू चौहान सहित बड़ी संख्या में समिति सदस्य व क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बैठक के अंत में सभी ने एकमत से महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।