आंधी-तूफान प्रभावित गांवों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण, पीड़ितों को 24 घंटे में मुआवजा दिलाने के दिए निर्देश
चंदौली : जनपद में बीते दिनों आए तेज आंधी-तूफान से हुए व्यापक नुकसान के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को नौगढ़ तहसील के सुदूरवर्ती गांवों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जमशोती, जयमोहनी, माझगावा, तिवारीपुर, तेन्दुहान सहित कई गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आंधी-तूफान से फसलों, मकानों, पेड़ों, विद्युत व्यवस्था तथा जानमाल को हुए नुकसान का मौके पर आकलन कराया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन परिवारों को प्राकृतिक आपदा से क्षति हुई है, उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से निर्धारित मुआवजा राशि हर हाल में 24 घंटे के भीतर उनके बैंक खातों में पहुंचाई जाए।
ग्रामीणों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने गांवों में पेयजल की उपलब्धता, टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति और चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक दैविक आपदा है और शासन प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। किसी भी पीड़ित को राहत पाने में कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को आंधी-तूफान से नुकसान हुआ है तो वह तत्काल संबंधित लेखपाल या उप जिलाधिकारी को सूचना दें, ताकि शीघ्र सत्यापन कर राहत राशि उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान आर. जगत साईं, विकास मित्तल, राहुल सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के इस दौरे से प्रभावित ग्रामीणों में राहत और भरोसे का माहौल देखने को मिला।


















