चहनियां ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी को लेकर एक बार फिर गरमाई सियासत
चंदौली : जिले के चहनियां ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. चहनियां ब्लॉक प्रमुख अरुण जायसवाल के खिलाफ पांच क्षेत्र पंचायत सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी से मुलाकात की. इस दौरान अधिवक्ता के माध्यम से 72 क्षेत्र पंचायत सदस्यों का शपथ पत्र (अविश्वास प्रस्ताव के लिए) जिलाधिकारी को सौंपा. वही चहनियां ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अविश्वास प्रस्ताव का मांग किया.
विदित हो कि जिले के चहनियां ब्लॉक प्रमुख की कुर्सी को लेकर पिछले कई महीनों से लगातार क्षेत्र पंचायत सदस्यों के एक गुट में आक्रोश देखने को मिल रहा है. चहनियां विकास खंड सभागार में विकास कार्यों के लिए बजट सत्र की बैठक चार जुलाई 2024 को आयोजित थी. वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्यों का एक गुट बैठक का विरोध कर रहा रहा था. जिसमें हाई प्रोफाइल ड्रामा सड़क पर भी देखने को मिला था. उसमें बागी बीडीसी सड़क पर भी बैठे रहे. जिसमें पुलिस प्रशासन से नोकझोंक भी हुई थी. उसके बाद कोरम पूरा न होने की वजह से बजट सत्र की बैठक को निरस्त कर दिया गया था.
चहनियां विकास खंड में कुल 105 क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्वाचित हैं. क्षेत्र पंचायत सदस्यों का आरोप है कि 105 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में 72 क्षेत्र पंचायत सदस्य ब्लॉक प्रमुख चहनियां के खिलाफ है. ब्लॉक प्रमुख द्वारा व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया है. और बिना हम लोगों के अनुमोदन व सिग्नेचर के ही विकास कार्य योजनाएं पास कर दी जाती हैं. कहा कि ऐसे ब्लॉक प्रमुख को पद से हटाना जरूरी है. जिससे चहनियां विकास खंड का विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके. वही ब्लॉक प्रमुख पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से अविश्वास प्रस्ताव का मांग किया.
















