रामगढ़ में श्रद्धा से मनाई गई बाबा कीनाराम जी की छठी, गूंजे जयकारे
चंदौली : अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी महाराज की पावन जन्मस्थली एवं तपोस्थली रामगढ़ में मंगलवार को बाबा कीनाराम जी की छठी श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सैकड़ों ग्रामीणों और क्षेत्रीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया। धार्मिक अनुष्ठान, हवन-पूजन और आरती के दौरान पूरा मठ परिसर बाबा के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा कीनाराम जी के पारिवारिक जनों ने ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बाबा की पावन गद्दी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया। गद्दी पर नए वस्त्र अर्पित किए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने हवन-पूजन में आहुति देकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। हवन के उपरांत ढोल-नगाड़ों के बीच बाबा की आरती की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं के गगनभेदी जयकारों से मठ परिसर भक्तिमय हो उठा।
वहीं ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत प्रस्तुत कर धार्मिक वातावरण में भक्ति और उल्लास का रंग भर दिया। तपोस्थली पर धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद श्रद्धालु बाबा कीनाराम जी की पवित्र जन्मस्थली स्थित पैतृक घर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर बाबा के बाल स्वरूप का दर्शन किया और अपनी श्रद्धा अर्पित की।
इस अवसर पर प्रभुनारायण सिंह, धनंजय सिंह, मदन मोहन सिंह, प्रदीप सिंह, समित सिंह, प्रभुनाथ पाण्डेय, अर्पित पाण्डेय, अरुण यादव, त्रिभुवन सिंह, सुभाष सिंह, बलवंत सिंह, शैलेन्द्र सिंह बबलू, राजेश सिंह, ऋषिकेश यादव, राजकुमार सिंह, अर्जुन सिंह, रामकृपाल सिंह, विनय सिंह टुच्चा, मुकेश साहनी, पिंकू सिंह, किशन चौरसिया, दीना सिंह दादा, आशीष सिंह, आशुतोष यादव, अशोक कुशवाहा, दिनेश सोनकर समेत सैकड़ों ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।


















