थाना धानापुर व थाना सकलडीहा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अवैध पिस्टल व कारतूस के साथ दो अभियुक्त गिरफ्तार
चंदौली : थाना धानापुर व थाना सकलडीहा पुलिस टीम ने दो शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है. जिनके कब्जे से एक अवैध असलहा व चार जिंदा कारतूस व एक डीबीबीएल गन 12 बोर व दो कारतूस बरामद हुआ है. पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा जनपद में अपराध की रोकथाम एवं अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही हेतु दिये गये आदेश व निर्देश के क्रम में थानाध्यक्ष धानापुर प्रशान्त कुमार सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक रमेश यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अवैध असलहों के साथ सफेद रंग की स्कार्पियों से बिरना तिराहा के रास्ते आ रहे हैं. इस सूचना पर पुलिस टीम जैसे ही पहुंची तो आ रही सफेद स्कार्पियों को रोकने का प्रयास किया गया परन्तु स्कार्पियों को रोकने के बजाय ग्राम बूढ़ेपुर गांव की तरफ से भागने लगे और लिंक मार्ग से थाना सकलडीहा क्षेत्र में प्रवेश कर नहर मार्ग से धरहरा की तरफ जाने लगे. तत्काल थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह द्वारा थानाध्यक्ष सकलडीहा को सूचित किया गया. वही थाना धानापुर व थाना सकलडीहा की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर स्कॉर्पियो से भाग रहे अभियुक्तों को रोक लिया गया. वही स्कॉर्पियो में बैठे दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया. जिनकी पहचान राजकुमार यादव उर्फ मटन यादव (57) पुत्र स्व० रामकृत यादव निवासी ग्राम बभनियाव रायपुर थाना धानापुर जनपद चंदौली वहीं दूसरे अभियुक्त की पहचान अरविंद यादव (42) पुत्र स्व० हरि यादव निवासी ग्राम नरौली थाना धानापुर जनपद चंदौली के रूप में हुई.
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि लाइसेंसी शस्त्र की आड़ में हम लोग एक अवैध असलहा व कारतूस लिए थे. जिसके कारण हम लोग पुलिस को देखकर भाग रहे थे. हम लोगों द्वारा अवैध पिस्टल व कुछ कारतूस को पीछे नहर में फेंक दिया गया है.
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली संयुक्त पुलिस टीम में थानाध्यक्ष धानापुर प्रशांत कुमार सिंह, थानाध्यक्ष सकलडीहा संजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक धानापुर रमेश यादव, कांस्टेबल आशीष कुमार थाना धानापुर, कांस्टेबल सर्वेश कुमार थाना धानापुर, कांस्टेबल प्रशविंन थाना सकलडीहा व कांस्टेबल रणविजय थाना सकलडीहा शामिल रहे.


















