लूटकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

118

लूटकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, चार शातिर अपराधी गिरफ्तार

चंदौली : अलीनगर थाना क्षेत्र में बीते 13 जून की शाम एक दुकानदार से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई मोटरसाइकिल, मोबाइल, नकदी, पर्स, आधार कार्ड, बैंक पासबुक के साथ-साथ एक अवैध तमंचा और चोरी की दूसरी बाइक भी बरामद की है। गिरफ्तारी 16 जून को ददवापर नहर पुलिया के पास से की गई।

विदित हो कि थाना अलीनगर क्षेत्र के सरने, ददवापर गांव निवासी प्रेमचंद उर्फ रामभरोसे 13 जून की रात लगभग साढ़े सात बजे अपनी दुकान से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह ददवापर पुलिया के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। आरोपितों ने अवैध असलहे के बल पर मारपीट कर घायल कर दिया और पीड़ित से उनका मोबाइल फोन, पासबुक, पर्स, नकदी और TVS स्पोर्ट मोटरसाइकिल लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की तहरीर पर तत्काल बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।

मुखबिर की सूचना से मिली सफलता

प्रभारी निरीक्षक अलीनगर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसी बीच एक विश्वसनीय मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रविवार को पुलिस ने ददवापर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार युवकों की पहचान कृष्ण कुमार उर्फ किशन (21), अरुण कुमार (21), सोनू यादव (22) और रामबाबू यादव (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलीनगर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भटरिया गांव के रहने वाले हैं।

अपराध स्वीकारते हुए बोले— शौक और जरूरत के लिए करते थे लूट

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि वह अपने शौक और आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करते थे।

अवैध असलहा और दूसरी चोरी की बाइक भी बरामद

गिरफ्तारी के दौरान सोनू यादव के पास से एक तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया। साथ ही पुलिस को आरोपितों के पास से एक दूसरी बाइक भी मिली, जिसे उन्होंने पूर्व में चोरी किया था।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

चारों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चारों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

एसपी ने पुलिस टीम को सराहा

पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने टीम को इस सफल अनावरण पर बधाई देते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने हेतु पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।