चंदौली में बिजली कटौती से जनता बेहाल, भीषण गर्मी के बीच दिन-रात बाधित हो रही आपूर्ति

50

चंदौली में बिजली कटौती से जनता बेहाल, भीषण गर्मी के बीच दिन-रात बाधित हो रही आपूर्ति

चंदौली : जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। मुख्यमंत्री के निर्बाध विद्युत आपूर्ति के निर्देशों के बावजूद बिजली विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय हो रही अघोषित कटौती से लोग खासे परेशान हैं और विभाग के खिलाफ नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बताया जा रहा है कि सोमवार की रात एक बार फिर बिजली आपूर्ति पूरी तरह चरमरा गई। शाम करीब 7:30 बजे बिजली गुल होने के बाद रात 9:30 बजे आपूर्ति बहाल हुई, लेकिन कुछ ही देर बाद 10:30 बजे फिर से बिजली काट दी गई। इसके बाद देर रात करीब 1 बजे जाकर आपूर्ति सामान्य हो सकी। करीब चार घंटे तक बिजली ठप रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बिजली कटौती के कारण लोग अपने घरों में उमस और गर्मी से परेशान होकर बाहर निकलने को मजबूर दिखे। कोई छत पर टहलता नजर आया तो कोई सड़क किनारे बैठकर बिजली आने का इंतजार करता रहा। मंगलवार को भी हालात में कोई सुधार नहीं दिखा और दिन में भी कई बार बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले दिन में बिजली कटौती कम होती थी, लेकिन अब दिन और रात दोनों समय अघोषित कटौती की जा रही है। इससे लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो रही है। खासकर रात में बिजली न रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

सुरतापुर, चहनियां और मारूफपुर बिजली उपकेंद्रों से जुड़े गांवों में स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। इन क्षेत्रों के ग्रामीणों ने विभाग से कम से कम रात में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है ताकि दिनभर काम करने के बाद लोग रात में चैन की नींद सो सकें।

भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और उमस भरी रातों के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। अब देखना होगा कि बिजली विभाग कब तक इस समस्या का स्थायी समाधान निकालकर लोगों को राहत पहुंचा पाता है।