यूपी में भीषण गर्मी से राहत के आसार, 28-29 मई को बारिश और आंधी का अलर्ट, कई जिलों में हीटवेव जारी

109

यूपी में भीषण गर्मी से राहत के आसार, 28-29 मई को बारिश और आंधी का अलर्ट, कई जिलों में हीटवेव जारी

यूपी TIMES18 : उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिले पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप की मार झेल रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि दोपहर के समय घर से बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है। सूरज की तपिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है, लेकिन अब प्रदेशवासियों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (India Meteorological Department) ने आगामी दिनों में बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई है।

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान ने कहर बरपाया। कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार 28 और 29 मई को उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना है।

हालांकि 27 मई को भी प्रदेश के कई जिलों में भीषण गर्मी का असर जारी रहेगा। बांदा, महोबा, झांसी, हमीरपुर, जालौन और आगरा समेत कई जिलों में हीटवेव और वार्म नाइट को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं फिरोजाबाद, हाथरस और मथुरा में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

28 मई से बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग ने 28 मई से पूरे उत्तर प्रदेश में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बारिश और आंधी की चेतावनी दी है। पूर्वांचल के जिलों गाजीपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, प्रयागराज, कौशांबी, बलिया, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या और लखनऊ सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।

वहीं बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और तराई क्षेत्र के कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और आगामी बारिश व आंधी के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।