बाढ़ निकासी और सिंचाई समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच ने उठाई आवाज, क्षत्रबली सिंह को सौंपा मांगपत्र

74

बाढ़ निकासी और सिंचाई समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच ने उठाई आवाज, क्षत्रबली सिंह को सौंपा मांगपत्र

चंदौली : जिले में बाढ़ निकासी और सिंचाई से जुड़ी गंभीर समस्याओं को लेकर किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष क्षत्रबली सिंह को मांगपत्र सौंपकर किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की।

खिलची ड्रेन और बेन धरौली नहर के सुधार की उठी मांग

संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बताया कि क्षेत्र के किसानों को वर्षों से सिंचाई और जल निकासी की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खिलची ड्रेन में बनी अराजी चकिया, घोड़सारी और खिलची मौजा की पुठ्ठियों को गेट चैनल युक्त करने की मांग उठाई, ताकि जल निकासी बेहतर हो सके और किसानों को राहत मिल सके।

कुलावों की संख्या बढ़ाने पर जोर

इसके साथ ही परमंदापुर के पश्चिम खखड़ा क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए रेगुलेटर के निर्माण की मांग की गई। वहीं बेन धरौली नहर में सिंचाई और बाढ़ निकासी के लिए कुलावों की संख्या बढ़ाने तथा उनकी विधिवत सेटिंग कराने की भी मांग रखी गई।

किसान नेताओं ने कहा कि बटौवा, खिलची, परमंदापुर और खखड़ा क्षेत्र में सिंचाई एवं बाढ़ निकासी किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए बेन धरौली नहर मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई गई, ताकि खेती-बाड़ी सुचारू रूप से हो सके।

हड़ौरा रेगुलेटर पुल के नए निर्माण पर किसानों का जोर

इसके अलावा हड़ौरा रेगुलेटर पुल के नए निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। किसानों का कहना है कि इस पुल के निर्माण से करयील सहित दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के आवागमन के साथ-साथ सिंचाई और जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा।

रोहाखी रेगुलेटर के जीर्णोद्धार से बाढ़ समस्या खत्म करने की मांग

खखड़ा ड्रेन पर स्थित रोहाखी रेगुलेटर के जीर्णोद्धार की मांग भी की गई। किसानों का कहना है कि इसके अभाव में बरियारपुर, खिलची, खखड़ा, रोहाखी और बटौवा क्षेत्र में हर वर्ष बाढ़ की समस्या बनी रहती है, जिससे खेती प्रभावित होती है।

धरौली क्षेत्र में बेन धरौली नहर पर बड़े ह्यूम पाइप लगाए जाने की मांग करते हुए किसानों ने कहा कि इससे बाढ़ और सिंचाई की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।

क्षत्रबली सिंह बोले – किसानों के हर संघर्ष में रहेंगे साथ

इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष क्षत्रबली सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “खेती और आवागमन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए हम हर समय किसानों के साथ खड़े हैं और भविष्य में भी उनकी हर लड़ाई में साथ देंगे।”

ये रहे मौजूद

इस मौके पर संगठन मंत्री राम अवध सिंह, पूर्व प्रधान विजय शंकर सिंह, दीनबंधु सिंह, बनारसी सिंह, कुलदीप सिंह और संजीव कुमार सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।