यूपी-बिहार बॉर्डर पर फायरिंग, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल
चंदौली : जिले में शुक्रवार को यूपी-बिहार सीमा पर उस वक्त सनसनी फैल गई जब बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इस हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान सैयदराजा थाना क्षेत्र के भतीजा गांव निवासी तारकेश्वर पासवान (28) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक कृष्णा पासवान (18), सदर कोतवाली क्षेत्र के झांसी गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी कार्य से जा रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने अचानक उन पर हमला बोल दिया। बदमाशों ने दोनों को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तारकेश्वर पासवान को मृत घोषित कर दिया। चिकित्साधिकारी के अनुसार, मृतक के सिर और पेट में गोलियां लगी थीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल कृष्णा पासवान के हाथ और पैर में गोली लगने की पुष्टि हुई है और उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मामले की जांच की जा रही है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू पर जांच कर रही है। साथ ही, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने का आश्वासन भी दिया गया है।


















