पशुपालकों को मिला उन्नत प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीक से आय बढ़ाने पर जोर
चंदौली : चहनियां विकास खंड परिसर स्थित सभागार में मंगलवार को प्रशिक्षण एवं प्रसार योजना के तहत विकास खंड स्तरीय पशु मित्रों और पशुपालकों के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन तकनीकों से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में उपस्थित पशुपालकों को गाय, भैंस, बकरी, सूकर और मुर्गा पालन से जुड़ी विभिन्न नस्लों की पहचान, उनके पालन-पोषण की वैज्ञानिक विधि, संतुलित आहार, रोग नियंत्रण और बेहतर रख-रखाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कम लागत में अधिक लाभ अर्जित करने के प्रभावी तरीकों पर भी विशेषज्ञों ने प्रकाश डाला।
प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुदस्सर अली ने बताया कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार द्वारा पशुपालकों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी योजना, नंद बाबा दुग्ध मिशन और मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ संवर्धन योजना का उल्लेख करते हुए पशुपालकों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने यह भी बताया कि कई योजनाओं के लिए अब पशुपालक स्वयं अपने मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं, जिसकी प्रक्रिया भी प्रशिक्षण के दौरान समझाई गई।
डॉ. अली ने पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी से संबंधित पुस्तकें वितरित करते हुए कहा कि इसमें सभी आवश्यक जानकारियां उपलब्ध हैं, जिनका अध्ययन कर वे अपने पशुपालन व्यवसाय को और सशक्त बना सकते हैं।
वहीं पशुधन प्रसार अधिकारी सुभाष यादव ने कहा कि आज भी कई पशुपालकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी नहीं है, जिसके कारण वे लाभ से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे पहले योजनाओं की पूरी जानकारी प्राप्त करें और फिर वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन कर अपनी आय बढ़ाएं।
इस अवसर पर सहायक कृषि विकास अधिकारी सुनील यादव, पशुधन प्रसार अधिकारी सुभाष यादव, पशु मित्र चंदन तिवारी सहित प्रदीप, नरेंद्र, मनोज, विजय, अनिल, कपिलदेव, अमन यादव और क्षेत्र के दर्जनों पशुपालक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल शिक्षाप्रद और उत्साहवर्धक रहा, जिसमें प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।


















