मंदिर में पूजा के दौरान हादसा, दीपक की लौ से महिला झुलसी, हालत अब खतरे से बाहर

76

मंदिर में पूजा के दौरान हादसा, दीपक की लौ से महिला झुलसी, हालत अब खतरे से बाहर

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के टाण्डाकला गांव स्थित माँ काली मंदिर में मंगलवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर एक बड़ा हादसा हो गया। पूजा-अर्चना करने पहुंची 48 वर्षीय महिला किरन पांडेय की साड़ी में अचानक आग लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों की तत्परता से उनकी जान बच गई और अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

बताया जाता है कि टाण्डाकला निवासी वीरेंद्र पांडेय की पत्नी किरन पांडेय माँ काली के दर्शन के लिए मंदिर गई थीं। पूजा के बाद वह पास ही स्थित श्री ब्रह्म बाबा के स्थान पर दीप और अगरबत्ती जला रही थीं। इसी दौरान उनका एक डिब्बा नीचे गिर गया। डिब्बा उठाने के लिए जैसे ही वह झुकीं, पास में जल रहे दीपक की लौ उनकी साड़ी के निचले हिस्से से जा लगी। देखते ही देखते आग पूरी साड़ी में फैल गई और वह बुरी तरह झुलसकर अचेत हो गईं।

घटना के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच मौके पर मौजूद कक्कू पांडेय ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ब्रह्म बाबा स्थल पर चढ़े वस्त्रों की मदद से आग बुझाई और महिला को ढककर सुरक्षित किया।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और निजी वाहन से उन्हें वाराणसी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कबीर चौरा मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजन अनुराग पांडेय के अनुसार, कबीर चौरा अस्पताल में महिला का इलाज जारी है। उनके हाथ, पेट और कमर के नीचे का हिस्सा झुलसा है, लेकिन राहत की बात यह है कि अब उनकी स्थिति स्थिर है और लगातार सुधार हो रहा है। स्थानीय लोगों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।