राज्यस्तरीय रोलर स्केटिंग में चंदौली के होनहारों का जलवा, तीन स्वर्ण समेत पांच पदक पर किया कब्जा
चंदौली : खेल जगत में एक बार फिर चंदौली के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। नोएडा के सेक्टर बी स्थित “आओ जियो ग्राउंड” में 09 से 11 जून तक आयोजित सेकंड यूपी स्टेट रैंकिंग रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में जिले के स्केटर्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए— जिनमें तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य शामिल हैं।
लड्डू बॉक्सर और दिव्यांश ने दिलाई चंदौली को बड़ी जीत
06 से 08 वर्ष की बालिका वर्ग में लड्डू बॉक्सर ने दो स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। उन्होंने लैप रिंग और लैप रिंग रेस दोनों इवेंट्स में पहला स्थान हासिल किया। इसी वर्ग के बालक वर्ग में दिव्यांश प्रताप ने लैप रिंग रेस में स्वर्ण पदक तो जीता ही, एक अन्य स्पर्धा में कांस्य पदक भी अपने नाम किया।
सागर पटेल ने जीता रजत
प्रतियोगिता में सागर पटेल ने भी दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इसके अतिरिक्त समीर पटेल, लक्ष्य कुमार और अपूर्व कुमार ने भी सराहनीय प्रदर्शन कर प्रतियोगिता में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर चंदौली जिला रोलर स्पोर्ट्स संघ के अध्यक्ष अमित कुमार, संयुक्त सचिव डॉ. राहुल सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. सुल्तान खान तथा संघ के सचिव मसूद आलम ने प्रतिभागियों, उनके कोच दिव्यांश सिंह रईस व श्याम पटेल, और अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सीमित संसाधनों में भी शानदार प्रदर्शन
सचिव मसूद आलम ने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद चंदौली के खिलाड़ियों ने जिस प्रकार राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह न सिर्फ़ प्रेरणादायक है, बल्कि जिले के खेल भविष्य को भी उज्ज्वल दिशा में ले जाने वाला है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगे।


















