त्रिशताब्दी स्मृति अभियान में गूंजा अहिल्याबाई का यशगान, भाजपा की संगोष्ठी में उमड़ा जनप्रतिनिधियों का सैलाब

65

त्रिशताब्दी स्मृति अभियान में गूंजा अहिल्याबाई का यशगान, भाजपा की संगोष्ठी में उमड़ा जनप्रतिनिधियों का सैलाब

चंदौली : भारतीय जनता पार्टी सकलडीहा मंडल द्वारा पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में त्रिशताब्दी स्मृति अभियान के तहत चहनियां क्षेत्र के मजिदहा स्थित उदय प्रताप फार्मेसी कॉलेज में भव्य पंचायत प्रतिनिधि संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

अहिल्याबाई का विकास आज भी है प्रेरणा मॉडल : संगम लाल

इस विशेष अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे प्रतापगढ़ के पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, जिन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन और उनके प्रशासनिक दृष्टिकोण को आज की पंचायत राज व्यवस्था के लिए एक आदर्श मॉडल बताया। उन्होंने कहा, “अहिल्याबाई होलकर का प्रत्येक निर्णय जनसेवा की भावना से प्रेरित था— न लाभ की चाह, न किसी प्रकार का दिखावा। उन्होंने जो विकास का मॉडल प्रस्तुत किया, वह आज भी उतना ही प्रासंगिक है। भाजपा की नीति—‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’—उसी भावना का आधुनिक रूप है।”

पंचायतों को बनाना होगा विकसित भारत का आधारशिला : सूर्यमुनी तिवारी

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी ने देवी अहिल्याबाई होलकर के जीवन और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “अहिल्याबाई ने जिस सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और प्रगतिशील सोच का परिचय दिया, वह तीन सौ वर्षों बाद भी भारत के विकास मार्ग को आलोकित कर रहा है। जब भारत 2047 के विकसित राष्ट्र की दिशा में अग्रसर है, तब ग्राम पंचायतों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। अहिल्याबाई का जीवन आज भी ग्राम विकास की प्रेरणा का स्रोत है।”

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री राजेंद्र पाण्डेय ने की, जबकि संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा द्वारा किया गया। मंचासीन अतिथियों ने पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्हें ग्राम स्तर पर जिम्मेदार, पारदर्शी और लोककल्याणकारी प्रशासन की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

इस संगोष्ठी में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से उपस्थित नेताओं में पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, भाजपा नेता सूर्यमुनी तिवारी, राजेंद्र पाण्डेय, रामसुंदर चौहान, सत्येंद्र सिंह बब्बू, अजय सिंह, मनोज मौर्या, जयप्रकाश चौहान, संतोष गुप्ता, गोपाल राजभर, आशीष रघुवंशी, योगेंद्र मिश्रा, गोपाल सिंह बबलू, विजय गुप्ता, अजय सिंह, बबलू यादव, महेश सिंह सहित अन्य गणमान्यजन सम्मिलित रहे।

अहिल्याबाई के आदर्शों पर चलने का लिया गया संकल्प

संगोष्ठी में मौजूद सभी लोगों ने देवी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को अपनाने और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने न सिर्फ ऐतिहासिक स्मृतियों को जीवंत किया, बल्कि ग्रामीण विकास और सशक्त पंचायत प्रणाली की दिशा में एक नई सोच को जन्म दिया।