IGRS पोर्टल पर शिकायतों की अनदेखी अधिकारियों को पड़ सकती है भारी, 13 पुलिसकर्मियों के विरूद्ध जांच के आदेश
चंदौली : आईजीआरएस के मामलों के निस्तारण को लेकर एसपी आदित्य लांग्हे का शख्त रुख सामने आया है. आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले 13 दरोगाओं के खिलाफ एसपी आदित्य लांग्हे ने जांच बैठा दी है. शिकायतकर्ता से संपर्क न करने व स्थलीय निरीक्षण न करने पर एसपी द्वारा यह कार्रवाई की गई है. एसपी के इस सख्ती के बाद महकमें में हड़कंप मचा हुआ है.

बता दें कि IGRS मामलों के शिकायतों के निस्तारण में चंदौली पुलिस लगातार अव्वल रही है. इसी क्रम में 01 सितंबर से लेकर 30 सितंबर के मध्य उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर जन शिकायतों के निस्तारण की जब समीक्षा की गई तो शिकायतकर्ता से संपर्क न करने वाले 06 संदर्भ एवं स्थलीय निरीक्षण न करने वाले 15 संदर्भ मिले. उपरोक्त आवंटित कुल 21 संदर्भों से संबंधित जांचकर्ता अधिकारी दोषी पाए गए. जिनमें चंदौली सदर से एक, मुगलसराय से एक, अलीनगर से दो, बबुरी से एक, बलुआ से एक, धीना थाना से एक, चकिया थाना से दो, शहाबगंज से एक, इलिया से दो एवं नौगढ़ थाना से एक पुलिसकर्मी के खिलाफ जांच हेतु आदेशित किया गया है. विभागीय जांच पूरी होने के बाद दोषी उपनिरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी. एसपी का शख्त रुख पुलिसकर्मियों के लिए चेतावनी है कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से लें.


















