मिर्चा तोड़ने जा रही महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, आठ महिलाएं घायल, चार की हालत गंभीर

445

मिर्चा तोड़ने जा रही महिलाओं से भरी पिकअप पलटी, आठ महिलाएं घायल, चार की हालत गंभीर

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज चौकी अंतर्गत भलेहटा गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गांव की दर्जनों महिलाएं पिकअप वाहन में सवार होकर पास के परसिया गांव में मिर्चा तोड़ने जा रही थीं, लेकिन रास्ते में पोल्ट्री फार्म के पास अचानक पिकअप वाहन पलट गया। इस दुर्घटना में करीब आठ महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से चार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप जैसे ही पोल्ट्री फार्म के पास पहुंची, चालक ने लापरवाही से वाहन को मोड़ने की कोशिश की, जिससे संतुलन बिगड़ गया और वाहन पलट गया। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई महिलाएं पिकअप के नीचे दब गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देरी किए तुरंत राहत कार्य शुरू किया और सभी महिलाओं को बाहर निकालने में जुट गए।

घटना की सूचना मिलते ही मोहरगंज चौकी इंचार्ज अमित मिश्रा और प्रधान आशुतोष सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को तत्काल निजी वाहनों की सहायता से चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल चार महिलाओं चन्द्रवासा देवी (60), गुलाबी देवी (55), रेखा कुमारी (15) और ज्योति कुमारी (16) को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घायलों में अन्य महिलाओं की पहचान इंदु देवी (45), बिन्दा देवी (46), अर्चना कुमारी (16), और आशा देवी (46) वर्ष के रूप में हुई। सभी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। मोहरगंज चौकी इंचार्ज अमित मिश्रा ने बताया कि पिकअप भलेहटा निवासी अजय पुत्र राम विलास चला रहा था, जिसकी लापरवाही स्पष्ट रूप से इस दुर्घटना का कारण बनी। वाहन को सीज करने की प्रक्रिया जारी है।