चंदौली में मानवता की मिसाल, पंचायत सहायिकाओं के निधन पर संगठन बना सहारा, परिजनों को दी आर्थिक मदद
चंदौली : जनपद में मानवीय संवेदनाओं का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब चहनियां और सकलडीहा क्षेत्र की दो पंचायत सहायिकाओं के आकस्मिक निधन के बाद पंचायत सहायक संगठन उनके परिवारों के सहारे के रूप में आगे आया। संगठन के जिलाध्यक्ष सागर पटेल के नेतृत्व में रविवार को मृतक सहायिकाओं के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा पलिया की पंचायत सहायिका प्रतिमा देवी तथा विकास खंड सकलडीहा के ग्राम सभा रैपूरा की पंचायत सहायिका संगीता सिंह का हाल ही में असामयिक निधन हो गया था। दोनों ही अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय और जिम्मेदार कर्मी थीं, जिनके अचानक निधन से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे पंचायत तंत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
इस दुखद परिस्थिति में पंचायत सहायक संगठन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एकजुटता का परिचय दिया। जिलाध्यक्ष सागर पटेल ने बताया कि जनपद चंदौली के विभिन्न विकास खंडों चहनियां, सकलडीहा, नौगढ़, शाहबगंज, नियामताबाद, चकिया, बरहनी, धानापुर एवं सदर के पंचायत सहायकों और सहायिकाओं ने स्वेच्छा से सहयोग राशि एकत्रित की। इसी सहयोग से जुटाई गई धनराशि रविवार को दोनों मृतक सहायिकाओं के परिजनों को सौंपी गई।
सागर पटेल ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि संगठन हर दुख-सुख में अपने साथियों के परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने विशेष रूप से मृतक सहायिकाओं के बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और भरोसा दिलाया कि आगे भी हर संभव सहयोग किया जाएगा।
इस दौरान उपस्थित पंचायत सहायकों ने भी एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि यह केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि संगठन की एकता और संवेदनशीलता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष जय प्रकाश यादव, राजकुमार यादव, मुकेश यादव, अजय कुमार गुप्ता, नवीन गुप्ता, मदन साहनी, रोहित गुप्ता, निर्भय, चंदन कन्नौजिया, झबलू यादव, अजय यादव, राकेश यादव, यशवंत समेत बड़ी संख्या में पंचायत सहायक मौजूद रहे।
यह पहल न सिर्फ समाज में सहयोग और संवेदना की मिसाल पेश करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि विपरीत परिस्थितियों में संगठनात्मक एकता ही सबसे बड़ी ताकत होती है।


















