खुली सीवर नाली दे रही हादसों को दावत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

37

खुली सीवर नाली दे रही हादसों को दावत, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

​चंदौली : चहनिया विकासखंड के अंतर्गत जुड़ा खास गांव में प्रशासन और ग्राम पंचायत की बड़ी लापरवाही सामने आई है। गांव की मुख्य सड़क पर स्थित सीवर नाली की दर्जनों पटिया (ढक्कन) पिछले एक साल से टूटी पड़ी हैं, जिससे हर समय बड़े हादसे का डर बना रहता है। इस समस्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को प्रदर्शन कर विरोध जताया।

​ग्रामीणों का कहना है कि गांव के मुख्य मार्ग पर स्थित इस खुली नाली के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब राहगीर अनजाने में इन गड्ढों में गिर जाते हैं।

​प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने स्थानीय ग्राम प्रधान इंद्रा देवी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का दावा है कि समस्या के समाधान के लिए पिछले एक साल में कई बार ग्राम प्रधान को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया गया। बार-बार शिकायत के बावजूद अभी तक नाली को ढंकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।

गांव की मुख्य सड़क होने के कारण यहां यातायात का दबाव अधिक रहता है, फिर भी इसे नजरअंदाज किया जा रहा है।स्थानीय निवासी विपिन यादव ने बताया कि एक साल से नाली खुली है, बच्चे गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन प्रधान प्रतिनिधि और प्रशासन को शायद किसी बड़े हादसे का इंतजार है।

​रविवार को एकजुट हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का तत्काल संज्ञान लिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सीवर नाली की पटिया नहीं बदली गई, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन करने वाले सतीश, विजय,विपिन, हरिओम, हरिश्चंद्र, जितेंद्र, तेरसु सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।